



भागलपुर। जिले के एक ग्रामीण क्षेत्र में नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले दो युवकों को शुक्रवार को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान अनिल कुमार और निरंजन कुमार के रूप में हुई है। दोनों पर आरोप है कि वे खुद को एक संस्था का प्रतिनिधि बताकर युवाओं से ₹100 ऑनलाइन जमा कराते थे और बदले में नौकरी दिलाने का वादा करते थे।

ग्रामीणों के अनुसार, ये युवक खासकर मैट्रिक और इंटर पास युवाओं को लक्ष्य बनाते थे। ₹100 जमा करने के बाद युवाओं को किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया या जानकारी नहीं दी जाती थी, जिससे युवाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही थी। ठगी से परेशान कुछ ग्रामीणों ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों को गांव में बुलाया और मौके पर ही पकड़ लिया, जिसके बाद जमकर हंगामा हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह ठगी का मामला सिर्फ दो-चार युवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि कई युवाओं से इसी तरह पैसे वसूले गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने स्थानीय थाना को सूचना दे दी है और अब पुलिस की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

वहीं, पकड़े गए अनिल कुमार और निरंजन कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि वे “रेगुलेट्स लाइफ केयर” नामक संस्था से जुड़े हैं और उनका उद्देश्य छात्रों को करियर और भविष्य की पढ़ाई को लेकर जागरूक करना है, न कि किसी प्रकार की ठगी करना।
अब देखना यह है कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और युवाओं को न्याय दिलाने की दिशा में कितना गंभीर कदम उठाते हैं।














