


नवगछिया। कटिहार जिले के कुरसेला थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघमारा पंचखूटी निवासी रिंकी कुमारी ने रविवार को नवगछिया पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा को आवेदन देकर रंगरा थाना में दर्ज एक प्राथमिकी की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
एसपी को दिए गए आवेदन में रिंकी कुमारी ने आरोप लगाया है कि उनके पति संतोष कुमार सिंह तथा ससुर गवेन्द्र सिंह को गलत तरीके से मामले में नामजद किया गया है। उन्होंने कहा कि सूचक पक्ष के पुत्रों के विरुद्ध उनके पति द्वारा पूर्व में एक आपराधिक मामला दर्ज कराया गया था, जिसके कारण प्रतिशोध की भावना से उनके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनके ससुर गवेन्द्र सिंह बिहार सैन्य पुलिस (बीएमपी) में कंपनी कमांडर पद से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं और उनका किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।
रिंकी कुमारी ने बताया कि 22 अप्रैल को उनके पति द्वारा फसल लूट की घटना को लेकर रंगरा थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक उस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसके विपरीत उनके परिवार के सदस्यों को ही एक अन्य मामले में नामजद कर दिया गया है।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।
















