



भागलपुर जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के साहेबगंज चर्च रोड पर शुक्रवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। यहां 22 वर्षीय कुंदन यादव उर्फ बुच्चो यादव की रॉड से पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक के पिता का नाम कंपनी यादव है। कुंदन पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर था।
इस घटना के पीछे मृतक के पड़ोसी शंकर महतो पर हत्या का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शंकर महतो अपने पूरे परिवार के साथ फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों में भय का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद सीटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया तथा आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र करने का काम शुरू कर दिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस लगातार आरोपी शंकर महतो और उसके परिवार की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
सीटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने बताया कि बहुत जल्द मामले का पर्दाफाश किया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, मृतक के परिजन पूरी तरह गमगीन हैं और रो-रोकर न्याय की गुहार लगा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जाए।














