


नवगछिया। रंगरा थाना क्षेत्र के नयाटोला भवानीपुर गांव में महिलाओं को रुपये दोगुना करने का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिला आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने अन्य साथियों के साथ मिलकर गांव की कई महिलाओं से रुपये दोगुना करने का झांसा देकर बड़ी रकम ऐंठ ली। जब पीड़ित महिलाओं ने अपनी जमा राशि वापस मांगी तो उन्हें धमकाया गया और गाली-गलौज कर भगा दिया गया।

पीड़िता ने 8 अगस्त को रंगरा थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदन में उसने बताया कि नयाटोला भवानीपुर निवासी राजो देवी सहित तीन-चार महिलाओं ने अधिक मुनाफा और रुपये दोगुना करने का लालच देकर उससे नकद रुपये लिए। भरोसा दिलाया गया कि कुछ ही समय में उसकी राशि दोगुनी कर लौटा दी जाएगी, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी पैसे वापस नहीं किए गए।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने अपनी जमा राशि वापस मांगी तो आरोपित महिलाओं ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इसी तरीके से गांव की कई अन्य महिलाओं को भी अपने झांसे में लेकर उनसे रुपये वसूले गए हैं। घटना के बाद गांव में ठगी की इस घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रंगरा थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भवानीपुर निवासी छोटेलाल हरिजन की पत्नी राजो देवी तथा पूर्णिया जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र के ईटहरी निवासी लाखो देवी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों आरोपित महिलाओं को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में अन्य महिलाओं की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह के लालच या रुपये दोगुना करने जैसी योजनाओं के झांसे में न आएं और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
















