



भागलपुर, गुड़गम्मा गांव के पंचायत सचिव योगेंद्र पासवान की सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना उस समय घटी जब वह साहिबगंज से बुआरी जोर की ओर जा रहे थे। रास्ते में एक अनियंत्रित पिकअप वाहन ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद उन्हें गंभीर अवस्था में पहले साहिबगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल, मायागंज (भागलपुर) रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान ही योगेंद्र पासवान ने दम तोड़ दिया।

मृतक के पुत्र पंकज पासवान ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगर विभाग की व्यवस्था दुरुस्त होती, तो उनके पिता की जान बच सकती थी। पंकज ने यह भी आरोप लगाया कि समय पर और बेहतर इलाज नहीं मिलने के कारण यह दुखद घटना घटी। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को आम जनजीवन के लिए खतरनाक बताया और प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक पंचायत सचिव थे और गुड़गम्मा गांव के रहने वाले थे।















