


नवगछिया। 6 जून को हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान मुरली निवासी पंकज कुमार सिंह (38 वर्ष) के रूप में हुई है। वे स्वर्गीय कनिका लाल सिंह के पुत्र थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद स्थानीय लोगों एवं परिजनों ने पंकज कुमार सिंह को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया था। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया। पूर्णिया में उपचार के बाद उन्हें सिलीगुड़ी स्थित पैरामाउंट हॉस्पिटल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पंकज कुमार सिंह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। बड़ा पुत्र गौतम कुमार पांचवीं कक्षा का छात्र है, जबकि आठ वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी तीसरी कक्षा में पढ़ती है। सबसे छोटी पुत्री प्रथम कक्षा की छात्रा है। पिता की मौत के बाद तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
परिवार के एकमात्र सहारे के चले जाने से घर पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों और शुभचिंतकों का घर पर तांता लगा हुआ है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के निधन से गांव के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
















