


नवगछिया ।
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को गोपालपुर प्रखंड की तिनटंगा करारी एवं सुकटिया पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे।
शिविर में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद, दाखिल-खारिज तथा प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता से संबंधित प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने एक-एक आवेदन की सुनवाई करते हुए मामलों के शीघ्र एवं नियमानुसार निष्पादन का भरोसा दिलाया।

इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। बांसकी मंडल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सुदूर क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना की मांग को लेकर सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन अधिकारियों को सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि उच्च शिक्षा के लिए छात्रों को दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक एवं शैक्षणिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
शिविर में आपदा अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर श्याम नंदन यादव, थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुधांशु कुमार, पंचायत प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
















