


समस्तीपुर: जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित मुसापुर मोहल्ला में संचालित एक कथित नेटवर्किंग कंपनी पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। सदर डीएसपी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान परिसर में मौजूद दर्जनों युवक-युवतियों से पूछताछ की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि उक्त परिसर में बिना सत्यापन के बाहरी युवक-युवतियों को ठहराया जा रहा है और नौकरी दिलाने के नाम पर विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और फिर छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने परिसर में मौजूद लोगों की पहचान और गतिविधियों की जानकारी जुटाई। साथ ही कंपनी से जुड़े दस्तावेजों, रजिस्टरों और अन्य अभिलेखों की भी जांच की गई।
















