



भागलपुर । खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना और जिला प्रशासन भागलपुर के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को सैंडिस कंपाउंड, भागलपुर में जिला स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता दो आयु वर्गों—अंडर 15 और अंडर 17—में आयोजित की गई।
अंडर 15 वर्ग के फाइनल मुकाबले में इंटर लेवल मुस्लिम स्कूल भागलपुर ने पनुचक हाई स्कूल को 5–1 के बड़े अंतर से पराजित किया। विजेता टीम की ओर से जर्सी नंबर 10 वाजिद आलम ने 4 गोल और जर्सी नंबर 8 गोविंद कुमार ने 1 गोल किया। वहीं पनुचक हाई स्कूल की ओर से एकमात्र गोल जर्सी नंबर 11 आशीष ने किया।

अंडर 17 वर्ग का फाइनल मुकाबला आरएचएमटी इंटर स्कूल बरारी और इंटर लेवल मुस्लिम हाई स्कूल भागलपुर के बीच खेला गया। इस मैच में मुस्लिम स्कूल ने 3–0 से जीत हासिल की। मैच का पहला गोल 5वें मिनट में जर्सी नंबर 02 जीत कुमार, दूसरा 17वें मिनट में जर्सी नंबर 07 ओमन कुमार और तीसरा गोल 21वें मिनट में जर्सी नंबर 08 गुलशन कुमार ने किया।
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंटर लेवल मुस्लिम स्कूल, भागलपुर की टीम अंडर 15 वर्ग के लिए 4 अगस्त से नालंदा और अंडर 17 वर्ग के लिए 4 अगस्त से बेगूसराय में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी।

इस प्रतियोगिता का उद्घाटन भागलपुर के अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) महेश्वर प्रसाद सिंह ने किया। निर्णायक मंडल में कृष्ण कुमार, आकाश कुमार, ईजान माजिद और असर आलम उर्फ अछू शामिल थे।
इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार, जिला फुटबॉल संघ के सचिव मो. फारुख आजम, जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव मो. नसर आलम, जिला खेल कार्यालय के प्रधान लिपिक सतीश चंद्र, राष्ट्रीय खिलाड़ी मृणाल किशोर, कार्यपालक सहायक मो. आमिर खान, शारीरिक शिक्षक विक्की कुमार एवं शारीरिक शिक्षिका खुशबू कुमारी उपस्थित रहीं।














