


ग्रामीणों से समस्याओं और सरकारी योजनाओं की ली जानकारी, आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश
पूर्णिया । पूर्णिया पूर्व प्रखंड के घोरघाट वार्ड नंबर-1 स्थित अनुसूचित जनजाति टोला में आयोजित संत रविदास विकास शिविर का विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे महिला-पुरुषों से क्षेत्र की समस्याओं तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं से मिलने वाले लाभ की जानकारी ली।

विधायक विजय खेमका ने संत रविदास जी की 650वीं जयंती के संदर्भ में उनके जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास जी ने समाज को शांति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी की जयंती वर्ष के अवसर पर अनुसूचित जाति-जनजाति बाहुल्य टोलों में लगातार विकास शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
विधायक ने शिविर में प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच भी कराई। इस अवसर पर विकास मित्र, विभिन्न विभागों के कर्मी, वार्ड सदस्य, समिति सदस्य एवं भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















