


नवगछिया। रंगरा चौक थाना क्षेत्र के बनिया गांव निवासी राजकुमार सिंह, पिता बिंदेश्वरी प्रसाद सिंह, 15 अगस्त की रात सरकारी स्कूल में गार्ड की ड्यूटी करने के लिए घर से निकले, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। तीन दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। राजकुमार बनिया गांव स्थित सरकारी स्कूल में गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। उनके अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के संभावित स्थानों पर काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं पता नहीं चला।

इसी बीच राजकुमार का मोबाइल अमित कुमार, पिता ब्रह्मदेव सिंह, की किराना दुकान से बरामद हुआ। उनका मोबाइल दुकान तक कैसे पहुंचा, राजकुमार वहां कब आए और मोबाइल छोड़ने के बाद वे कहां गए, इन सवालों का अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाया है। मोबाइल दुकान से मिलने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई है। परिजन इस पूरे मामले को लेकर किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं और राजकुमार की जल्द बरामदगी की मांग कर रहे हैं।
पति के लापता होने के बाद पत्नी कृष्णा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह लगातार अपने पति की तलाश में अधिकारियों और सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगा रही हैं। परिजनों ने अपने स्तर से काफी प्रयास किया, लेकिन राजकुमार से अब तक कोई संपर्क नहीं हो सका है। कृष्णा देवी ने नवगछिया एसपी वैभव शर्मा को आवेदन देकर पति की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है। उन्होंने पुलिस से राजकुमार के मोबाइल के दूसरे व्यक्ति की दुकान से बरामद होने के बिंदु पर भी गंभीरता से जांच करने तथा पूरे मामले का पता लगाकर उन्हें सकुशल बरामद करने की मांग की है।
















