



नवगछिया : सावित्री पब्लिक स्कूल के प्रांगण में शुक्रवार को भारत स्काउट एंड गाइड स्थापना दिवस एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुई। दीप प्रज्वलन का कार्य विद्यालय के निदेशक राम कुमार साहू, सचिव कृष्ण कुमार साहू, प्रशासक सुमित कुमार साहू, प्राचार्य अमित कुमार सिंह तथा शिक्षकगणों ने संयुक्त रूप से किया।

विद्यालय के स्काउट मास्टर और गाइड कैप्टन ने स्काउट एंड गाइड स्थापना दिवस का इतिहास और उद्देश्य बताते हुए कहा कि स्काउटिंग केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि यह एक जीवनशैली है, जो बच्चों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सहयोग और समाजसेवा की भावना का विकास करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

इसके बाद मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने “छोड़ो अपने सारे काम, पहले चलो करें मतदान” और “वोट डालने जाना है, अपना फर्ज निभाना है” जैसे स्लोगन के साथ नगर में जागरूकता रैली निकाली। रैली के दौरान बच्चों ने लोगों से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन और धन्यवाद ज्ञापन के साथ समारोह का समापन हुआ। विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
















