5
(2)

फोन पर शादी समारोह में फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी का दिया झांसा, काली मंदिर के पास वारदात

नवगछिया। शादी समारोह में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराने के बहाने एक युवक को बुलाकर तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा दो कैमरा और एक मोबाइल फोन छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर नवगछिया थाना क्षेत्र के श्रीपुर निवासी रोहित कुमार, पिता सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने रंगरा थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पीड़ित रोहित कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उसके मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति ने फोन कर कहा कि 26 अगस्त को उसके घर में शादी समारोह है। उसने शादी में वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराने के लिए रोहित को बुलाया। फोन करने वाले ने अपना नाम नीतीश कुमार, पिता अशोक जायसवाल, निवासी बड़ी बैसी, थाना रंगरा बताया।

रोहित के अनुसार, फोन पर बातचीत के दौरान जब उसने एडवांस भुगतान की बात कही तो संबंधित व्यक्ति ने उसके फोन-पे पर एक हजार रुपये भेजे। हालांकि, राशि प्राप्त होने के दौरान फोन-पे पर भेजने वाले व्यक्ति का नाम अनिल पंडित प्रदर्शित हुआ। इसके बाद रोहित ने शादी समारोह में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करने के लिए जाने की तैयारी की।

काली मंदिर के पास पहुंचने पर किया फोन

रोहित ने बताया कि 26 अगस्त को शाम करीब 4:30 बजे वह अपने कैमरे लेकर बड़ी बैसी के लिए निकला। काली मंदिर के पास पहुंचने के बाद उसने फोन करने वाले व्यक्ति के नंबर पर संपर्क कर अपनी लोकेशन की जानकारी दी।

पीड़ित के अनुसार, फोन करने वाले व्यक्ति ने उससे कहा कि पहले घर पर वीडियोग्राफी करनी है। इसके लिए उसे काली मंदिर से आगे बढ़कर घर की ओर आने को कहा गया।

रोहित जैसे ही काली मंदिर से आगे बढ़ा, इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक उसके पास पहुंचे। तीनों युवकों ने उससे पूछा कि क्या वह कैमरा लेकर वीडियोग्राफी करने आया है। रोहित द्वारा हां कहने के बाद तीनों युवकों ने उसके पास मौजूद दो कैमरा और एक मोबाइल फोन छीन लिया।

सामान लेकर बाइक से भाग निकले बदमाश

पीड़ित के अनुसार, सामान छीनने के बाद तीनों युवक बाइक से फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से रोहित सकते में आ गया। इसके बाद उसने मामले की जानकारी पुलिस को दी और रंगरा थाना पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा।

रोहित ने पुलिस से घटना की जांच कर आरोपियों की पहचान और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उसने लूटे गए दोनों कैमरा और मोबाइल फोन की बरामदगी की भी मांग की है।

पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: