5
(4)

कुर्सेला पुलिस कर रही पूछताछ, मोबाइल, बाइक और पारिवारिक विवाद समेत कई बिंदुओं पर जांच जारी

CREATOR: gd-jpeg v1.0 (using IJG JPEG v62), default quality?

नवगछिया।
कटिहार जिले के कुर्सेला थाना क्षेत्र में मिले नवगछिया के सिमरा निवासी अंशु कुमार झा के शव मामले की जांच तेज हो गई है। इस बहुचर्चित हत्याकांड की कड़ियां अब नवगछिया से भी जुड़ती नजर आ रही हैं। मामले की जांच कर रही कुर्सेला थाना पुलिस ने नवगछिया के मीलटोला से दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक अंशु कुमार झा का इन दोनों युवकों से लगातार संपर्क था और वह उनसे घंटों बातचीत किया करता था। इसी आधार पर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

गौरतलब है कि रविवार को कटिहार जिले के कुर्सेला थाना क्षेत्र स्थित कबीर मठ के समीप सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ था। बाद में उसकी पहचान नवगछिया थाना क्षेत्र के सिमरा निवासी अंशु कुमार झा के रूप में हुई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

परिजनों के अनुसार अंशु कुमार झा को चार दिन पहले ही उत्कर्ष फाइनेंस कंपनी में नौकरी मिली थी। प्रशिक्षण के लिए उसे कटिहार भेजा गया था। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में उसने कुर्सेला चौक पर चाय-नाश्ता किया और अपनी मां से मोबाइल पर बातचीत भी की। इसके बाद वह घर के लिए निकला, लेकिन रास्ते में ही उसकी हत्या कर दी गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अंशु की बाइक भवानीपुर थाना क्षेत्र से बरामद की है। बताया गया कि सड़क किनारे लावारिस हालत में बाइक गिरी हुई देखकर खरीक के तेलघी निवासी दो युवक उसे अपने घर ले गए थे। दोनों युवक पूर्णिया से लौट रहे थे। अगले दिन समाचार पत्रों में हत्या की खबर पढ़ने के बाद उन्होंने बाइक को नारायणपुर पहुंचा दिया। पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम की भी जांच शुरू कर दी है।

जांच के दौरान पुलिस कई बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक स्तर पर पारिवारिक विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। मृतक अंशु कुमार झा की शादी रंगरा प्रखंड के सधुआ गांव में हुई थी। परिजनों का आरोप है कि वैवाहिक जीवन में विवाद चल रहा था। पुलिस इस पहलू की भी गंभीरता से जांच कर रही है।

इसके अलावा पुलिस मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद की भी जांच कर रही है। परिजनों का कहना है कि अंशु ने हाल ही में लगभग 30 हजार रुपये का मोबाइल खरीदा था। आरोप है कि उसकी पत्नी के भाई ने भागलपुर में वह मोबाइल अपने पास रख लिया था। पुलिस इस जानकारी का सत्यापन कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस विवाद का घटना से कोई संबंध है या नहीं।

इधर, कुर्सेला थाना पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए दोनों युवकों से पूछताछ जारी है। तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 4

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: