


नवगछिया :
टाटानगर से कटिहार के बीच चलने वाली त्रैसाप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन अब आधुनिक एलएचबी कोच के साथ चलेगी। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन को नई रैक में परिवर्तित किया है।

रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 29 मार्च 2026 से गाड़ी संख्या 28181 टाटानगर-कटिहार एक्सप्रेस टाटानगर जंक्शन से एलएचबी कोच के साथ चल रही है। वहीं, 31 मार्च 2026 से गाड़ी संख्या 28182 कटिहार-टाटानगर एक्सप्रेस का परिचालन भी कटिहार जंक्शन से इसी रैक के साथ शुरू हो गया है।
नई रैक में कुल 22 कोच लगाए गए हैं, जिनमें जनरेटर सह लगेज यान, एलएसएलआरडी, सामान्य श्रेणी, शयनयान, वातानुकूलित तृतीय, तृतीय इकोनॉमी और द्वितीय श्रेणी के कोच शामिल हैं।
रेलवे सलाहकार सदस्य मुकेश राणा ने बताया कि इस निर्णय से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त यात्रा का लाभ मिलेगा।इस ट्रेन का ठहराव सेमापुर, नवगछिया, थानाबिहपुर, नारायणपुर सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर है, जिससे कोसी क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।एलएचबी कोच जर्मन तकनीक पर आधारित होते हैं, जो तेज गति और उच्च सुरक्षा के लिए जाने जाते हैं। पारंपरिक आईसीएफ कोच की तुलना में ये अधिक मजबूत और सुरक्षित माने जाते हैं।













