


नवगछिया । नवगछिया थाना पुलिस ने विद्यालय में हुई चोरी की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी निवासी प्रिंस कुमार, विकास कुमार एवं अमरजीत कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का एक कंप्यूटर, कीबोर्ड, माउस एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, तेतरी स्थित मध्य विद्यालय में बीते 5 जुलाई को चोरों ने कंप्यूटर, इनवर्टर, बैटरी, टैबलेट सहित अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली थी। घटना के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक संजीव कुमार ने 7 जुलाई को नवगछिया थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामला दर्ज होने के बाद नवगछिया थाना पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को चोरी की घटना में शामिल आरोपितों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर छापेमारी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि इस कांड में संलिप्त एक अन्य आरोपित प्रकाश दास को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। वर्तमान गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी का एक कंप्यूटर, एक कीबोर्ड, एक माउस एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस मामले में अन्य चोरी गए सामान की बरामदगी तथा कांड में शामिल अन्य संभावित आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार सभी आरोपितों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















