


भागलपुर के तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय अंतर्गत टीएनबी कॉलेज में शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बैनर तले छात्रों ने नामांकन शुल्क माफी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों के आंदोलन के बाद कॉलेज प्रशासन के साथ हुई वार्ता में उनकी मांगों पर सहमति बन गई, जिससे छात्रों में संतोष देखा गया।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप था कि विश्वविद्यालय स्तर पर छात्राओं एवं अनुसूचित जाति-जनजाति (एससी-एसटी) वर्ग के लिए निशुल्क नामांकन का स्पष्ट आदेश जारी किया गया है, लेकिन टीएनबी कॉलेज प्रशासन द्वारा इसे समय पर लागू नहीं किया गया। इसके कारण कई छात्र-छात्राएं बिना जानकारी के ही निर्धारित शुल्क जमा कर नामांकन करा चुके हैं।
छात्रों का कहना था कि इस महत्वपूर्ण आदेश की जानकारी समय पर नहीं मिलने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। इसी को लेकर एबीवीपी के नेतृत्व में छात्रों ने कॉलेज परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के बाद एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल की कॉलेज प्राचार्य के साथ वार्ता हुई। वार्ता के दौरान प्राचार्य ने छात्रों की मांगों को स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि छात्राओं एवं एससी-एसटी वर्ग के विद्यार्थियों का नामांकन पूर्णतः निशुल्क किया जाएगा। साथ ही, जिन छात्र-छात्राओं ने पहले ही शुल्क जमा कर दिया है, उनकी राशि वापस करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी।
प्राचार्य ने कहा कि इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है और सभी पात्र विद्यार्थियों को इसका लाभ दिया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

इस प्रदर्शन में एबीवीपी के मंत्री लक्ष्मण कुमार, अध्यक्ष सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी इसमें भाग लेकर अपनी एकजुटता दिखाई।













