


पूर्णिया में तूफान से 30 लाख तक के नुकसान का अनुमान
पूर्णिया। शनिवार शाम आई तेज आंधी और तूफान ने जिले में भारी तबाही मचाई। कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए, बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई और कई जगहों पर फैक्ट्रियों एवं गोदामों के टिन शेड उड़ गए। सबसे अधिक नुकसान जीरो माइल से कसबा रोड स्थित माला ठाकुर वेयर हाउस एवं क्रांति फूड फैक्ट्री को हुआ, जहां आंधी के कारण पूरा गोदाम क्षतिग्रस्त हो गया।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री परिसर में कुरकुरे निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान तेज तूफान के साथ आए झोंकों ने फैक्ट्री के विशाल टिन शेड को उखाड़ दिया। भारी लोहे और टिन से बना शेड कई किलोमीटर दूर सबदलपुर गांव तक जा गिरा। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि फैक्ट्री के लोहे के शटर तक उखड़ गए।

घटना के दौरान फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वहां काम कर रहे कर्मियों ने किसी तरह भागकर पक्के मकानों में शरण ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फैक्ट्री मालिक माला ठाकुर एवं देवनारायण ठाकुर ने बताया कि तूफान से फैक्ट्री को भारी क्षति पहुंची है। उनके अनुसार तैयार माल, मशीनरी और गोदाम का ढांचा पूरी तरह बर्बाद हो गया है। उन्होंने करीब 25 से 30 लाख रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई है।

उन्होंने कहा कि फैक्ट्री परिसर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण अब कई महीनों तक उत्पादन कार्य बंद रहने की संभावना है। स्थानीय लोगों ने बताया कि आंधी की भयावहता इतनी अधिक थी कि भारी लोहे और टिन के बड़े-बड़े हिस्से हवा में उड़कर दूर-दराज गांवों तक पहुंच गए।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोग प्रशासन से नुकसान का आकलन कर प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।
















