5
(2)

नवगछिया। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने सोमवार को नवगछिया प्रखंड के कोसी पार कदवा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने मुख्य रूप से बिजली, सड़क, शिक्षा और कोसी कटाव से जुड़ी समस्याएं उठाते हुए स्थायी समाधान की मांग की। भरोसा सिंह टोला स्थित शिव मंदिर परिसर में ग्रामीणों ने बिजली कटौती, लो वोल्टेज की समस्या तथा जर्जर तारों को बदलकर कवरयुक्त तार लगाने की मांग रखी। वहीं मध्य विद्यालय भरोसा सिंह टोला और मध्य विद्यालय ठाकुरजी कचहरी टोला में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की गई। ठाकुरजी कचहरी टोला के ग्रामीणों ने कोसी नदी के कटाव से स्थायी बचाव के लिए बालू घाट से कंचनपुर कदवा तक बोल्डर पिचिंग एवं गाइड बांध निर्माण की मांग रखी।

इसके बाद ऊर्जा मंत्री खैरपुर कदवा पंचायत मुख्यालय पहुंचे, जहां मुखिया पंकज कुमार जायसवाल, जिला पार्षद नंदनी सरकार, समाजसेवी श्रवण राय समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। यहां बिजली समस्या के स्थायी समाधान के लिए निर्माणाधीन विद्युत पावर स्टेशन के भूमि विवाद पर भी चर्चा हुई। जमीन मालिक शशिधर यादव ने बताया कि संबंधित भूमि उनकी मां के नाम है और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। मंत्री ने कहा कि आपसी सहमति से जमीन उपलब्ध होने पर पावर स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा, अन्यथा बिहार सरकार की दूसरी जमीन चिह्नित की जाएगी।

ग्रामीणों ने कोसी बांध से बिंदटोली कदवा तक जर्जर सड़क के निर्माण तथा बेलसंडी महादलित टोला को मुख्य सड़क से जोड़ने की मांग भी रखी। लक्ष्मीनियां कदवा के ग्रामीणों ने विद्यालय में चारदीवारी, शौचालय और पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की। दौरे के अंत में मंत्री आश्रम टोला कदवा पहुंचे और सुखदेव प्रसाद मंडल के निधन पर शोकाकुल परिवार से मिलकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: