


नवगछिया।नवगछिया स्थित बनारसी लाल सर्राफ वाणिज्य महाविद्यालय में 02 और 03 अप्रैल को तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय का अंतर महाविद्यालय सांस्कृतिक प्रतियोगिता सह युवा महोत्सव “उत्कर्ष 2026” का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर परमहंस स्वामी आगमानंद जी महाराज की मौजूदगी में कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विमलेंदु शेखर झा करेंगे। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में अन्य माननीय सदस्य उपस्थित रहेंगे।
विश्वविद्यालय के सिंडिकेट सदस्य एवं महाविद्यालय सचिव डॉ. मृत्युंजय कुमार सिंह गंगा ने बताया कि 2005 के बाद इस बार भागलपुर विश्वविद्यालय द्वारा युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में विश्वविद्यालय अंतर्गत आने वाले 40 महाविद्यालयों की सांस्कृतिक टीम हिस्सा लेगी।
महाविद्यालय सचिव डॉ. मृत्युंजय कुमार सिंह गंगा की अध्यक्षता में आयोजन समिति का गठन किया गया है, जिसमें सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। महाविद्यालय ने स्वागत समिति, कार्यक्रम संचालन समिति, मंच संचालन समिति, सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति, सुरक्षा समिति और बिजली-पानी-पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं के लिए उपसमितियां भी बनाई हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दिनकर आचार्य, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अनिल कुमार मंडल, शिक्षक प्रतिनिधि प्रो. अमरजीत सिंह, पूर्व शिक्षक प्रतिनिधि प्रो. राजकिशोर सिंह, शिक्षक संघ अध्यक्ष प्रो. अनिल यादव, नोडल पदाधिकारी डॉ. खालिद महमूद, कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. विजय कुमार ठाकुर, डॉ. आशीष कुमार सिंह, लेखापाल विनोदानंद मंडल, प्रधान लिपिक डोमन हरिजन और मीडिया प्रभारी राजेश कानोड़िया सहित सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी उपस्थित थे।
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में सांस्कृतिक चेतना, संगठन क्षमता और टीम भावना को बढ़ावा देना है।













