



भागलपुर । भागलपुर के समीक्षा भवन में शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 की तैयारी को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक हृदयकांत सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्वाचन संबंधी विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें मतगणना केंद्र और डिस्पैच सेंटर की तैयारी, मतदान केंद्रों का सत्यापन, मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, निर्वाची पदाधिकारी के लिए कक्ष की व्यवस्था, कॉलेज का अधिग्रहण, नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण, ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर का सत्यापन, मतदान केंद्रों तक पहुंचने का मार्ग, वाहन और ईंधन की व्यवस्था, केंद्रीय अर्द्धसैनिक बल (सीएपीएफ) के आवास, बूथ मैनेजमेंट प्लान, सेक्टर पदाधिकारियों और एफएसटी के लिए वाहन उपलब्धता जैसे विषय शामिल रहे।

साथ ही अंतरराज्यीय सीमा पर मादक पदार्थों की जांच, शस्त्र सत्यापन तथा अन्य सुरक्षा उपायों पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने शस्त्र शाखा को निर्देश दिया कि यदि 24 सितंबर 2025 तक शस्त्र अनुज्ञप्तिधारी अपने शस्त्र का सत्यापन नहीं कराते हैं, तो उनकी अनुज्ञप्ति निलंबित कर दी जाएगी।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने बैठक में निर्देश दिया कि धारा 126 और 133 के अंतर्गत कार्रवाई में तेजी लाई जाए। उन्होंने सभी एसडीपीओ और थाना अध्यक्षों को स्पष्ट किया कि सांप्रदायिक विवाद, जातीय तनाव अथवा निर्वाचन संबंधी आपराधिक मामलों में वास्तविक अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई हो। वल्नरेबल क्षेत्रों में बॉन्डडाउन की भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा और चुनाव की तैयारी साथ-साथ चलेंगी। इस दौरान डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पूजा समितियों को एसओपी का पालन कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही पूजा समितियों और शांति समितियों में नई पीढ़ी के लोगों को शामिल करने, पंडालों में अग्निशमन, बालू और पानी की व्यवस्था रखने, वालंटियर को पहचान पत्र व बैज के साथ तैनात करने, सीसीटीवी और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई। प्रतिमा विसर्जन के समय भी एसओपी का पालन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता दिनेश राम समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।














