


बरामदे में खुले में रखे धारदार चदरा से कटा हाथ, अस्पताल में भर्ती, पिता ने दर्ज कराई प्राथमिकी
नवगछिया पुलिस जिला के गोपालपुर थाना क्षेत्र के सिंघिया मकंदपुर में स्थित श्री लाल जी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को विद्यालय प्रबंधन की कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया। विद्यालय परिसर में निर्माण कार्य के लिए खुले में रखे धारदार चदरा (टिन शीट) की चपेट में आने से एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने आनन-फानन में घायल छात्रा को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण छात्रा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घायल छात्रा की पहचान संतनगर सिंघिया मकंदपुर निवासी साक्षी कुमारी, पिता दीपक कुमार, के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार साक्षी कुमारी विद्यालय पहुंचने के बाद अपनी कक्षा की ओर जा रही थी। इसी दौरान वह बरामदे में फिसलकर गिर गई और वहां खुले में रखे धारदार चदरा से उसका हाथ बुरी तरह कट गया। हादसे के तुरंत बाद उसके हाथ से काफी मात्रा में रक्तस्राव होने लगा, जिससे विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विद्यालय परिसर के बरामदा में निर्माण कार्य के लिए चदरा रखा गया था, लेकिन उसे सुरक्षित ढंग से नहीं रखा गया था। इसी लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई। यदि छात्रा के शरीर के किसी अन्य हिस्से में धारदार चदरा लग जाता, तो इससे और भी बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद घायल छात्रा को तत्काल नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। चिकित्सकों ने बताया कि छात्रा के हाथ में गहरा जख्म है तथा अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
घटना के बाद छात्रा के परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। छात्रा के पिता दीपक कुमार ने विद्यालय प्रबंधन एवं निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री कक्षा में जाने के दौरान बरामदे में रखे धारदार चदरा की चपेट में आ गई, जिससे उसका हाथ बुरी तरह कट गया। यदि निर्माण सामग्री को सुरक्षित स्थान पर रखा गया होता तो यह दुर्घटना नहीं होती। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए गोपालपुर थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस नवगछिया अनुमंडल अस्पताल पहुंची और घायल छात्रा तथा उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में गोपालपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि छात्रा के पिता द्वारा लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ने की कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल भी अस्पताल पहुंचे और घायल छात्रा का हालचाल जाना। उन्होंने घटना को गंभीर लापरवाही का परिणाम बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। यदि निर्माण सामग्री को सुरक्षित ढंग से रखा गया होता तो यह दुर्घटना नहीं होती। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रधानाध्यापक ने दी सफाई
मामले में पूछे जाने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक बुद्धदेव कुमार मंडल ने बताया कि विद्यालय परिसर में निर्माण कार्य के लिए चदरा रखा गया था। छात्रा उसी के पास गिर गई, जिससे उसका हाथ कट गया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य किस विभाग अथवा किस एजेंसी द्वारा कराया जा रहा है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
घटना के बाद क्षेत्र में विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों का कहना है कि यदि विद्यालय परिसर में निर्माण कार्य चल रहा हो तो विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना विद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। फिलहाल छात्रा का इलाज नवगछिया अनुमंडल अस्पताल में जारी है। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
















