



भागलपुर: विशेष गहन पुनरीक्षण-2025 के अंतर्गत गणना प्रपत्र संग्रहण एवं अपलोड कार्यों की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में भागलपुर जिला के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों से उनके-अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में गणना प्रपत्र संग्रहण और अपलोड की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली गई।

जिलाधिकारी ने सभी निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि एएसडी यानी अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृतक (Absent, Shifted, Dead) मतदाताओं के डाटा का पुनः सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शहर क्षेत्र में प्रत्येक मतदान केंद्र पर वार्ड पार्षद, बीएलओ, बीएलए और संबंधित सहायक सरकारी कर्मी के साथ बैठक की जाए। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, बीएलओ, बीएलए सहित अन्य सहायक कर्मियों के सहयोग से पुनः सत्यापन कराया जाए।
डॉ. चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया कि पूर्व में एएसडी डाटा का सत्यापन बीएलओ द्वारा किया जा चुका है और इस संबंध में सूची सभी राष्ट्रीय, राज्यस्तरीय व मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई है, ताकि वे अपने-अपने बीएलए से डाटा का दोबारा सत्यापन करवा सकें।

बैठक में नगर आयुक्त शुभम कुमार, सहायक समाहर्ता जतिन कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्वेता कुमारी, वरीय उप समाहर्ता एवं नोडल पदाधिकारी अंकिता कुमारी, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी निलेश कुमार, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी व सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं नवगछिया एवं कहलगांव अनुमंडल से वहां के अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर एवं संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।














