


कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद नवगछिया के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने की। इस अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने “स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन” की शपथ लेते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 (SASWM Rules 2026) के तहत घरों और प्रतिष्ठानों में कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण करने पर विशेष बल दिया गया। उपस्थित लोगों ने गीले, सूखे एवं सेनेटरी कचरे को अलग-अलग रखने तथा वैज्ञानिक तरीके से कचरा प्रबंधन में सहयोग करने का संकल्प लिया।
“मेरा कचरा, मेरी जिम्मेदारी” अभियान के तहत प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने, पुनः उपयोग (Reuse) और पुनर्चक्रण (Recycle) को बढ़ावा देने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की शुरुआत घर और मोहल्ले से होती है तथा प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
अपने संबोधन में कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल नगर परिषद का दायित्व नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन कर नवगछिया को बिहार के सबसे स्वच्छ और हरित नगरों में शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने नागरिकों से घरों में ही गीला और सूखा कचरा अलग करने तथा नगर परिषद के स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

इस अवसर पर समाजसेवी मुकेश राणा ने लोगों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पौधों की नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तदर्थ समिति सदस्य प्रेम सागर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर ली गई शपथ केवल औपचारिकता बनकर नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में सफाई मित्रों और नागरिकों के सहयोग से प्लास्टिक मुक्त वार्ड बनाने का अभियान चलाया जाएगा। जल, वायु और भूमि का संरक्षण हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों के बीच पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जूट के थैलों का वितरण किया गया तथा सभी से सिंगल यूज प्लास्टिक का पूर्ण बहिष्कार करने की अपील की गई।
“जय हिन्द, जय पर्यावरण” के नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित नवगछिया के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का सामूहिक संकल्प लिया।
















