


‘
पूर्णिया: पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शिव शिष्य परिवार द्वारा गुरुवार की संध्या “एक हजार वृक्षारोपण संकल्प अभियान” के तहत भूतनाथ मंदिर से 35 बीएन एनसीसी परिसर तक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्णिया नगर निगम की महापौर विभा कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने फलदार पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर शिव शिष्य परिवार की ओर से उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण के इस दौर में वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि शिव शिष्य परिवार की गुरु बहनों द्वारा एक हजार वृक्ष लगाने का संकल्प प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय पहल है, जो समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश दे रहा है।
उन्होंने लोगों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति इस अभियान से जुड़े, तो पूर्णिया को हरित, स्वच्छ और सुंदर बनाने का लक्ष्य शीघ्र पूरा किया जा सकता है।
महापौर ने शिव शिष्य परिवार की सभी गुरु बहनों को इस पुनीत अभियान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा पूर्णिया के नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उप महापौर पल्लवी गुप्ता, आशा अनुरागिनी सहित शिव शिष्य परिवार के सदस्य, गुरु बहनें एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
















