


नवगछिया। तेतरी गांव से 16 वर्षीय किशोरी के लापता होने के मामले में नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। किशोरी के मामा बड़ी मकंदपुर निवासी विजय कुमार चौधरी ने पुलिस को आवेदन देकर गौरीपुर निवासी मनोहर झा और उसके परिजनों पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने तथा धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की बरामदगी के प्रयास के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, किशोरी पांच जुलाई की दोपहर घर से तेतरी दुर्गा मंदिर जाने की बात कहकर निकली थी। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद परिजनों ने मंदिर सहित रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चल सका।

परिजनों के अनुसार, किशोरी घर के मोबाइल फोन से 6206975120 नंबर पर लगातार बातचीत करती थी। इस नंबर की जानकारी लेने पर परिजनों को इसके गौरीपुर निवासी मनोहर झा से जुड़े होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन गौरीपुर स्थित मनोहर झा के घर पहुंचे।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि वहां मनोहर झा की मां अन्नू देवी, बहन रिमझिम कुमारी और पिता श्याम किशोर झा ने किशोरी को मनोहर झा द्वारा तेतरी से लाए जाने की बात कही। परिजनों के अनुसार, उस समय किशोरी को दो दिनों के भीतर वापस भेजने का आश्वासन दिया गया था।
आवेदन में आगे आरोप लगाया गया है कि दो दिन बीतने के बाद भी किशोरी को वापस नहीं किया गया। सात अगस्त को जब परिजनों ने दोबारा किशोरी को वापस करने की मांग की तो कथित तौर पर इनकार कर दिया गया।
उन्होंने किशोरी के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए उसकी सकुशल बरामदगी की मांग की है। आवेदन में पुलिस में शिकायत करने पर किशोरी को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नवगछिया थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस किशोरी की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर जानकारी जुटा रही है तथा आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि किशोरी की बरामदगी के बाद उसके बयान और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
















