


नवगछिया । मद्यनिषेध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खरीक थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान 192.06 लीटर विदेशी शराब बरामद करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त एक टाटा सफारी वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध नवगछिया पुलिस द्वारा लगातार सघन छापेमारी एवं वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 अगस्त को खरीक थाना पुलिस की टीम ध्रुवगंज 14 नंबर सड़क पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान तुलसीपुर की ओर से आ रही चाकलेटी रंग की संदिग्ध टाटा सफारी गाड़ी संख्या BR01PN0451 को पुलिस टीम ने रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से कुल 192.06 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से वाहन में सवार प्रीतेश कुमार, पिता प्रेम कुमार दास, निवासी रजौन थाना क्षेत्र, जिला बांका तथा निरंजन कुमार, पिता स्व. नवल राउत, निवासी नोनीहाट, थाना हंसडीहा, जिला दुमका, झारखंड को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में खरीक थाना कांड संख्या 257/26, दिनांक 16 अगस्त 2026, धारा 30(ए) मद्यनिषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में एक अन्य नामजद अभियुक्त के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ करते हुए शराब की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों एवं नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है तथा तस्करी में प्रयुक्त टाटा सफारी वाहन को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस की इस कार्रवाई में 192.06 लीटर विदेशी शराब, एक टाटा सफारी वाहन और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। नवगछिया पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
















