5
(2)

महालक्ष्मी पीताम्बरा महायज्ञ की पूर्णाहुति के बाद होगा भव्य आयोजन, समृद्ध बिहार और अखंड भारत के संकल्प के साथ संतों का मिलेगा सानिध्य

भागलपुर। अंगभूमि भागलपुर की ऐतिहासिक धरती पर सनातन संस्कृति के संवर्धन, समृद्ध एवं स्वर्णिम बिहार तथा शक्तिसंपन्न अखंड भारत के संकल्प को लेकर 23 अगस्त 2026 को भव्य महाशक्ति सनातन धर्म सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सैंडिस कंपाउंड स्थित एयर ओपन थियेटर में आयोजित होने वाले इस धार्मिक महासम्मेलन में देश के विभिन्न प्रमुख धार्मिक पीठों, अखाड़ों और तीर्थस्थलों से संत, महामंडलेश्वर और धर्माचार्य शामिल होंगे। एक दर्जन से अधिक संतों के आगमन से सैंडिस कंपाउंड श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना के केंद्र के रूप में नजर आएगा। महालक्ष्मी पीताम्बरा महायज्ञ की पावन पूर्णाहुति के उपरांत आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में सनातन धर्म, सामाजिक समरसता, राष्ट्र कल्याण और सांस्कृतिक चेतना से जुड़े विषयों पर संतों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

सम्मेलन का आयोजन 23 अगस्त को दोपहर दो बजे से शाम सात बजे तक एयर ओपन थियेटर, स्टेशन क्लब, सैंडिस कंपाउंड में किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य आयोजन सनातन रक्षा वाहिनी के तत्वावधान में हो रहा है। आयोजन को सफल बनाने में अखंड आरंभ फाउंडेशन, बाबा बूढ़ानाथ महादेव मंदिर न्यास परिषद, जिला बॉस्केटबॉल एसोसिएशन, खुशहाल भारत, भगवा क्रांति, जागृत युवा समिति, केंद्रीय रेलवे यात्री संघ सहित विभिन्न संस्थाओं का सहयोग प्राप्त हो रहा है।

सम्मेलन में निरंजनी अखाड़ा, सनातन किन्नर अखाड़ा, जूना अखाड़ा, शक्तिपीठ कामाख्या, प्रयागराज, काशी, उज्जैन, नई दिल्ली, वृंदावन समेत विभिन्न धार्मिक परंपराओं और पीठों से जुड़े संतों का सानिध्य प्राप्त होगा। इनमें महामंडलेश्वर डॉ. रमण पुरी महाराज, बाबा बूढ़ानाथ मंदिर के महंत शिव नारायण गिरि महाराज, सनातन किन्नर अखाड़ा की आचार्य महामंडलेश्वर माता कौशल्या नन्द गिरी, कौलाचार्य स्वामी अभयानंदनाथ, महामंडलेश्वर योग माता राधिका पुरी, महामंडलेश्वर गोल्डन माता रुद्राणी, शक्तिपीठ कामाख्या के श्री आनंद दास महाराज, गिरनार गुजरात के श्री कल्प निपुल सोचित्रा, स्मार्त आचार्य प्रेम शंकर त्रिक, जगन्माता योगतारानन्द सरस्वती, वैदेहि नंदन बाल व्यास वेदांत महाराज तथा परमपूज्य डॉ. सुनील कुमार मिश्रा समेत कई संत-महात्माओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इनके अलावा भागलपुर और आसपास के क्षेत्रों के संतों को भी सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।

मुख्य आयोजक एवं सनातन रक्षा वाहिनी के मुख्य संयोजक तांत्रिक क्रिया योगी एवं ज्योतिषाचार्य स्मार्त परमहंस आचार्य पंकज अथर्व ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य सनातन मूल्यों की पुनर्स्थापना, सामाजिक समरसता, आध्यात्मिक चेतना और राष्ट्र कल्याण की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि संतों के सानिध्य में होने वाला यह आयोजन सनातन समाज को एकजुट करने और धर्म एवं संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

आयोजन समिति ने भागलपुर और संपूर्ण अंग क्षेत्र के श्रद्धालुओं, मातृशक्ति तथा प्रबुद्ध नागरिकों से सपरिवार सम्मेलन में शामिल होने की अपील की है। समिति की ओर से कहा गया है कि संतों के दर्शन और उनके आशीर्वचन का लाभ लेने के लिए अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल हों। आयोजकों के अनुसार 23 अगस्त को होने वाला यह महासम्मेलन धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण आयोजन होगा, जिसमें संतों के मार्गदर्शन के साथ सनातन संस्कृति और राष्ट्र कल्याण का संदेश दिया जाएगा।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: