5
(2)

नवगछिया। नवगछिया में टायर खरीदने पहुंचे 18 चक्का ट्रक चालक ने 49,500 रुपये लेने के बाद टायर नहीं देने और रुपये वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर चालक ने नवगछिया थाना में लिखित आवेदन देकर जांच एवं कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी राजू कुमार (48) 18 चक्का ट्रक चालक हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि आठ अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे वह कुरसेला से ट्रक खाली कर रामपुर हाट जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक का टायर बदलवाने के लिए नवगछिया स्थित टायर हाउस पहुंचे।

चालक के अनुसार, दुकान संचालक के सामने उनके स्टाफ से टायर खरीदने और लगाने को लेकर बातचीत हुई। इसके बाद दो टायर का सौदा 49,500 रुपये में तय हुआ। आरोप है कि दुकान संचालक के सामने स्टाफ ने उनसे पूरी राशि ले ली और बिल भी दे दिया।

राजू कुमार ने बताया कि इसके बाद वह एक टायर लेकर ट्रक के पास चले गए। दूसरा टायर लेने के लिए जब वह दोबारा दुकान पर पहुंचे तो दुकान संचालक ने कथित तौर पर बताया कि रुपये लेने वाला कर्मचारी वहां से भाग गया है। चालक का आरोप है कि इसी दौरान उनसे बिल भी ले लिया गया और उनके साथ ले जाया गया टायर भी वापस ले लिया गया।

चालक ने आरोप लगाया है कि इसके बाद दुकान संचालक ने न तो टायर देने और न ही 49,500 रुपये वापस करने की बात कही। रुपये अथवा टायर की मांग करने पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

चालक ने नवगछिया पुलिस से मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा उसके रुपये अथवा टायर वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: