


नवगछिया। संत शिरोमणि रविदास के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर भाजपा जिला नवगछिया की ओर से तेतरी, धरहरा सहित गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों में सामाजिक समरसता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत काशी से लाए गए पवित्र कलश के पूजन के साथ हुई। कलश को नीतेश कुमार दास और मधु देवी काशी से नवगछिया लेकर आए थे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह निषाद ने की। मुख्य वक्ता पूर्व जिला महामंत्री मनोज कुमार पांडेय ने संत रविदास के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संत रविदास के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक और अनुकरणीय हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच और भेदभाव को समाप्त करने तथा सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि संत रविदास महान कृष्ण भक्त थे। उनकी भक्ति से प्रभावित होकर साध्वी मीराबाई ने उन्हें अपना गुरु स्वीकार किया था। संत रविदास ने अपने पारंपरिक जूते बनाने के कार्य को कभी छोटा नहीं माना और इसी कार्य के साथ समाज सुधार एवं धार्मिक चेतना के लिए भी कार्य किया। उनकी प्रसिद्ध रचना ‘प्रभु जी तुम चंदन हम पानी’ आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय है।
कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व जिलाध्यक्ष सुबोध सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न बस्तियों में सामाजिक समरसता अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों को संत रविदास के विचारों और सामाजिक समानता के संदेश से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में जिला मंत्री बासुकी मंडल, मंडल अध्यक्ष रंजीत झा, मंडल अध्यक्ष मुकेश मंडल, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री नीतेश कुमार दास सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।















