


पूर्णिया। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के उपलक्ष्य में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) क्षेत्रक मुख्यालय, पूर्णिया द्वारा सोमवार को मानवता की सेवा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन के उद्देश्य से मुख्यालय परिसर में भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उच्च मुख्यालय के निर्देशानुसार तथा क्षेत्रक मुख्यालय पूर्णिया के उप-महानिरीक्षक श्री मधुकर अमिताभ के निर्देशन में किया गया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ उप-महानिरीक्षक श्री मधुकर अमिताभ ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे महान और जीवनदायी सेवाओं में से एक है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जवानों से समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमान्डेंट (प्रशासन) श्री जनार्दन मिश्र ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है। आपातकालीन परिस्थितियों में रक्तदान ही किसी की जान बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से जहां जरूरतमंदों को नई जिंदगी मिलती है, वहीं यह रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक सरोकारों के प्रति सशस्त्र सीमा बल की प्रतिबद्धता और जनसेवा के प्रति उसके समर्पण को दर्शाते हैं।

शिविर में एसएसबी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया। बड़ी संख्या में बलकर्मियों ने समाज के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सेवा भावना का परिचय दिया।
रक्त संग्रहण की पूरी प्रक्रिया स्थानीय जीएमसीएच (GMCH) के चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की देखरेख में सभी सुरक्षा एवं स्वास्थ्य मानकों का पालन करते हुए संपन्न कराई गई।
















