


पूर्णिया।
पूर्णिया प्रमंडल आदिवासी छात्र एवं युवा समिति की ओर से झील टोला बाघमारा स्थित स्थानीय फुटबॉल मैदान में आयोजित 15 दिवसीय 43वीं फुटबॉल चैंपियनशिप एवं अन्य खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के दसवें दिन क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेला गया।
क्वार्टर फाइनल में गरगरी आदिवासी क्लब, हरिशचंद्रपुर (पश्चिम बंगाल) और लिटिल स्टार क्लब, झवारी बनमनखी (पूर्णिया) के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिसके बाद मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ। शूटआउट में गरगरी आदिवासी क्लब ने 5-4 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
विजेता टीम के कप्तान अजीत लकड़ा और गोलकीपर राकेश उरांव रहे, जबकि लिटिल स्टार क्लब की ओर से कप्तान गोरा टूड्डू एवं गोलकीपर सुमिर मरांडी ने शानदार प्रदर्शन किया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों के खेल की दर्शकों ने सराहना की।

मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गरगरी आदिवासी क्लब के खिलाड़ी इनोसेंट (जर्सी नंबर-06) को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया। बेलरीकाबगंज पंचायत के सरपंच दस लाल उरांव ने उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
मुकाबले में मुख्य निर्णायक की भूमिका राजेश मुर्मू ने निभाई। उनके साथ हर्षित आनंद, राहुल तिर्की, रजनीश कुमार पांडेय, उपेंद्र बेसरा एवं अरुण मरांडी ने निर्णायक मंडल में सहयोग किया। प्रतियोगिता का आंखों देखा हाल शुभम आनंद एवं बीरेंद्र मुर्मू ने प्रस्तुत किया।
आयोजन समिति ने बताया कि 11 अगस्त को दोपहर 3:30 बजे से अगला क्वार्टर फाइनल मुकाबला आदिवासी यूनाइटेड क्लब, मरियम नगर (पूर्णिया) और फुटबॉल क्लब, बक्सा घाट (पूर्णिया) के बीच खेला जाएगा।
इस अवसर पर मायाराम उरांव, गुणेश्वर उरांव, बीरेंद्र कुमार उरांव, हरी लाल उरांव, सचिव रावण उरांव सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
















