


भागलपुर। भागलपुर के भीखनपुर स्थित गुमटी नंबर-1, नयाटोला प्रेमनगर निवासी अणिमा सिंह ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा में 59वां स्थान प्राप्त कर एसडीएम पद के लिए चयनित होकर जिले एवं अपने परिवार का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।
अणिमा सिंह बचपन से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने कक्षा एक से लेकर दसवीं तक माउंट असीसी स्कूल में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और सभी सेक्शनों में अव्वल स्थान प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा में राज्य स्तर पर टॉपर बनकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने कई पुरस्कार और सम्मान अपने नाम किए हैं। उनकी इस सफलता का श्रेय उनकी कड़ी मेहनत, लगन और माता-पिता के मार्गदर्शन को दिया जा रहा है।
अणिमा सिंह अपने माता-पिता के आशीर्वाद और सहयोग को अपनी सफलता का मुख्य आधार मानती हैं। उनके पिता अधिवक्ता सुरजीत सिंह एवं माता सोनी देवी पेशे से वकील हैं। परिवार के अन्य सदस्य, जिनमें चाचा सुजीत सिंह उर्फ छोटू सहित सभी परिजन, उनकी उपलब्धि से गौरवान्वित हैं।
अणिमा सिंह की सफलता पर खुशी व्यक्त करने के लिए रविवार को प्रधानाध्यापिका डॉ. सुमन सोनी उनके आवास पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने नवचयनित एसडीएम अणिमा सिंह को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा शुभकामनाओं के प्रतीक स्वरूप स्नेक प्लांट का पौधा भेंट किया। साथ ही दिल्ली से लाई गई मिठाई खिलाकर अणिमा सिंह एवं उनके परिवार का मुंह मीठा कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
डॉ. सुमन सोनी ने कहा कि अणिमा सिंह ने न केवल अपने परिवार और मोहल्ले का नाम रोशन किया है, बल्कि भविष्य में देश और समाज के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेंगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सफलता उन्हें व्यक्तिगत रूप से खुशी देती है, क्योंकि वह हर बच्चे में अपने बच्चे की छवि देखती हैं। उन्होंने कहा कि अणिमा की उपलब्धि से पूरे मोहल्ले को एक नई पहचान मिली है और यह क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
















