


भागलपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वन प्रमंडल भागलपुर के अंतर्गत भागलपुर, कहलगांव एवं नवगछिया वन प्रक्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए योग को अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी, भागलपुर कुमार गौतम ने कहा कि योग केवल आसनों का अभ्यास नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवनशैली है, जो व्यक्ति को अनुशासन, एकाग्रता और आत्मचिंतन की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है तथा व्यक्ति जीवन की चुनौतियों का सामना अधिक सकारात्मक तरीके से कर पाता है।
वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी, कहलगांव कम्पनी कुमार ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन को शांत और विचारों को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। योग के माध्यम से व्यक्ति तनावमुक्त रहकर जीवन में संतुलन स्थापित कर सकता है।
वहीं वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी, नवगछिया दिनेश कुमार यादव ने कहा कि योग व्यक्ति की आंतरिक ऊर्जा को जागृत करता है और उसे भावनात्मक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से आत्मविश्वास बढ़ता है तथा जीवन में सकारात्मकता का संचार होता है।
योग शिविर में प्रशिक्षक रवि कुमार के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ योग सत्र में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी कुमार गौतम ने प्रशिक्षक रवि कुमार को अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी कुमार गौतम, कम्पनी कुमार, दिनेश कुमार यादव, वनपाल धीरेंद्र कुमार ठाकुर, सोनी कुमारी, विजय सिंह, अशोक कुमार, वनरक्षी शुभम कुमार, अमरेश, आदित्य सिंह, प्रमोद, शिवम, प्रियंका, आदित्य अभिनव, नीरज, सुमित, सुबोध, राजीव, रौशन, मुन्नी, कल्पना सहित बड़ी संख्या में वनकर्मी उपस्थित थे। सभी ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
















