



नवगछिया पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को बिहपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहपुर थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव निवासी अंकित कुमार अपने भाई मिथुन कुमार के साथ मिलकर सोनवर्षा स्थित अपने घर में अवैध शराब एवं मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री तथा भंडारण का कार्य कर रहा है।

सूचना की सत्यता की पुष्टि के बाद बिहपुर थाना की पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अंकित कुमार के घर पर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 42.750 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इसके साथ ही तलाशी के क्रम में अंकित कुमार, पिता बेचो कुमार, एवं मिथुन कुमार उर्फ सुदर्शन कुमार, पिता सुनील कुमार, दोनों निवासी सोनवर्षा, थाना बिहपुर, के पहने हुए जैकेट से कुल 79.24 ग्राम ब्राउन शुगर भी बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से दोनों तस्करों को अवैध शराब एवं मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री तथा भंडारण के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से नगद 22,140 रुपये तथा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

इस संबंध में बिहपुर थाना में कांड संख्या 296/25 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8(सी)/21(बी) तथा बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।














