



नारायणपुर : भवानीपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव वार्ड संख्या 5, शर्मा टोला में देर रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना सामने आई है। इस मामले में पीड़िता फूलो देवी, पति वकील मंडल, ने गांव के ही संजय शर्मा, सकलदेव शर्मा और धीरज कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़िता के अनुसार, बीती रात करीब 12 बजे आरोपी शराब के नशे में उनके घर में घुस आए और दरवाजे को धक्का देकर जबरन अंदर प्रवेश कर गाली-गलौज करने लगे। उस समय घर के सदस्य सोए हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने घर में मौजूद दो लड़कियों के साथ छेड़खानी की और विरोध करने पर उन्हें बाल पकड़कर आंगन में घसीटते हुए पटक दिया। इसी दौरान उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मारपीट की।

पीड़िता ने बताया कि जब घर के अन्य सदस्य जाग गए, तो आरोपियों ने चाकू, लाठी, डंडा और देशी कट्टा लहराते हुए फिर से गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। साथ ही धमकी दी कि अगर चौपाल के पास की जमीन खाली नहीं की गई, तो हत्या कर दी जाएगी और झूठे मुकदमे में फंसा दिया जाएगा। घटना से संबंधित वीडियो क्लिप को साक्ष्य के रूप में समय आने पर प्रस्तुत करने की बात भी आवेदन में कही गई है।
इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष हरिश्चंद्र उपाध्याय ने जानकारी दी कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच उपनिरीक्षक जंगलेश्वर कुमार कर रहे हैं। जांचोपरांत उचित कार्रवाई की जाएगी।















