5
(1)

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अधिकारियों और खिलाड़ियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

भागलपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को खेल भवन, भागलपुर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की उपस्थिति में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, खेल पदाधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी को योग के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि योग शरीर को लचीला, स्वस्थ और संतुलित बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ईश्वर ने हमारे शरीर की रचना इस प्रकार की है कि हर अंग लचीलापन लिए हुए है। लेकिन आधुनिक जीवनशैली में व्यस्तता के कारण लोग अपने शरीर के इस स्वाभाविक लचीलापन को खोते जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शरीर में लचीलापन बना रहता है, बल्कि मानसिक शांति भी प्राप्त होती है। बच्चों में भी योग की आदत प्रारंभ से ही विकसित करनी चाहिए ताकि वे स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो सकें। जिलाधिकारी ने योग की उत्पत्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि ऋषि पतंजलि ने योग का सूत्रपात किया था और आज यह सम्पूर्ण विश्व में लोकप्रिय और लाभकारी विधा के रूप में स्वीकार किया जा चुका है।

योगाभ्यास के इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को ध्यान में रखते हुए युवाओं से लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी युवा अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने मतदाता पहचान पत्र को नागरिकता की पहचान बताते हुए कहा कि यह एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसे हमेशा साथ रखना चाहिए।

जिलाधिकारी ने आगे कहा कि सभी मतदाता मतदान की तिथि पर अपने मतदान केंद्र जाकर अवश्य मतदान करें। यह आपका संवैधानिक अधिकार है और लोकतंत्र को सशक्त बनाने का सबसे बड़ा माध्यम भी।

इस कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) महेश्वर प्रसाद सिंह, वरीय उप समाहर्ता मिथिलेश प्रसाद सिंह, संयुक्त निदेशक जन संपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) विकास कुमार, जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण सिंह, सिटी मैनेजर (सुल्तानगंज) रवीश चंद्र वर्मा, सलव कुमार, खेल विभाग से आमिर, सतीश चंद्र, मृणाल किशोर एवं नसर आलम भी उपस्थित थे।

योगाभ्यास का संचालन योग गुरु अनिमेष एवं बाल योग प्रशिक्षिका यशस्वी कश्यप द्वारा किया गया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: