5
(1)

निर्माणाधीन सेगमेंट गिरा, 40 फीट हिस्सा क्षतिग्रस्त

भागलपुर : भागलपुर जिले में कोसी नदी पर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा देर रात दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हो गया। यह पुल एनएच-106 के मिसिंग लिंक बिहपुर से फुलौत तक बन रहा है। हादसा हरिओ के त्रिमुहान घाट के पास हुआ, जहां वोल्वो लोडर से सेगमेंट ले जाते समय करीब 40 फीट पुल का हिस्सा आंशिक रूप से टूट गया।

यह पुल फोरलेन परियोजना के तहत तैयार किया जा रहा है, जिससे बिहपुर से वीरपुर तक सफर सुगम हो जाएगा। पुल के साथ-साथ दोनों ओर लगभग 22 किलोमीटर सड़क का निर्माण भी हो रहा है। परियोजना को 996 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है और वर्ष 2026 तक इसे पूर्ण करने का लक्ष्य है।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार रात करीब दो बजे वोल्वो लोडर से हरिओ से फुलौत की ओर सेगमेंट ले जाया जा रहा था। इसी दौरान त्रिमुहान घाट से लगभग 150 मीटर की दूरी पर वोल्वो लोडर का प्रेशर पाइप फट गया। तेज झटके से बांधने वाली रस्सी टूट गई और भारी सेगमेंट पुल को क्षतिग्रस्त करता हुआ कोसी नदी में गिर गया। इस एक सेगमेंट के गिरने से कुल पांच सेगमेंट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पहले भी हो चुकी हैं दुर्घटनाएं

जहां यह हादसा हुआ, ठीक उसी जगह पूर्व में दो बड़ी घटनाएं घट चुकी हैं। एक बार नदी की तेज धारा में तैयार पिलर बह गया था, जबकि दूसरी बार पिलर धंस गया था। इसके बाद इंजीनियरों की सलाह पर वहां दो पिलरों का पुनर्निर्माण कराया गया।

राज्य का सबसे बड़ा पुल होगा

कोसी नदी पर 6.94 किलोमीटर लंबा पुल तैयार किया जा रहा है। दोनों ओर कुल 21.988 किलोमीटर सड़क का निर्माण भी परियोजना का हिस्सा है। यह पुल बिहार राज्य का सबसे बड़ा पुल होगा, जिसकी आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2020 में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रखी थी।

परिवहन व्यवस्था को मिलेगी मजबूती

पुल निर्माण के बाद उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सीधा और तेज़ यातायात संभव हो सकेगा। क्षेत्रीय विशेषज्ञों के अनुसार इस पुल से व्यापार, रोजगार और यातायात के नए द्वार खुलेंगे। पुल निर्माण का जिम्मा मुंबई की एफकॉन कंपनी को सौंपा गया है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: