



भागलपुर-खगड़िया मुख्य मार्ग पर भवानीपुर-पसराहा सीमा क्षेत्र के समीप सोमवार को दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दोनों ट्रकों के चालक और सहचालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पसराहा पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रकों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार बांका जिला निवासी सहचालक अंकज कुमार झारखंड से ट्रक में गिट्टी लोड कर खगड़िया जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे दूसरे ट्रक के चालक से संतुलन बिगड़ गया और दोनों ट्रक आपस में टकरा गए। टक्कर से एक ट्रक के आगे के चक्के टूटकर दूर जा गिरे।
घटना में गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक मनीष कुमार को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।













