



भागलपुर। श्रावणी मेला 2025 को लेकर तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को भागलपुर के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) प्रदीप कुमार सिंह और सिटी एसपी शुभांक मिश्रा ने सुल्तानगंज का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख घाटों और महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
श्रावणी मेला इस वर्ष 11 जुलाई से प्रारंभ होकर एक माह तक चलेगा, जिसमें लाखों कांवरियों के आने की संभावना है। डीडीसी और सिटी एसपी ने विशेष रूप से जहाज घाट और सीढ़ी घाट का दौरा किया। दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही तैयारियों जैसे पेयजल, साफ-सफाई, चेंजिंग रूम, पब्लिक टॉयलेट और मोबाइल टॉयलेट की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की।

इसके अतिरिक्त उन्होंने बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और आपदा प्रबंधन से संबंधित तैयारियों का भी जायजा लिया। डीडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य समय पर पूर्ण हों, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला बिहार की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डीडीसी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने की सलाह दी, जिससे मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से सम्पन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान नगर परिषद, स्वास्थ्य विभाग, जल निगम, बिजली विभाग, यातायात पुलिस, आपदा प्रबंधन समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सारी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।













