



भागलपुर के बदरपुर गांव की घटना, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल
भागलपुर जिला के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत निस अंबे पंचायत के बदरपुर गांव में रविवार को तालाब में नहाने के दौरान दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। दोनों किशोर नहाने के दौरान अचानक पैर फिसल जाने से गहरे पानी में चले गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पास में नहा रहे कुछ बच्चों ने डूबते हुए किशोरों को देखा और शोर मचाया। शोर सुनते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में बच्चों की तलाश शुरू की।

सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना अध्यक्ष सफदर अली पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से दोनों किशोरों को किसी तरह पानी से बाहर निकाला गया और नाथनगर रेफरल अस्पताल ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने दोनों को जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल, मायागंज रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृत बच्चों की पहचान हर्ष कुमार (उम्र लगभग 9 वर्ष), पिता कारू दास और बादल कुमार (उम्र लगभग 12 वर्ष), पिता पवन दास के रूप में हुई है। बादल कुमार सातवीं कक्षा का छात्र था।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजन सदमे में हैं और रो-रो कर उनका बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।













