


भागलपुर। अलीगंज स्थित बागबाड़ी को अब बाजार समिति के रूप में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के तहत, फेज वन में लगभग 89 करोड़ रुपए की लागत से बागबाड़ी में कई आधुनिक सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। इस विकास कार्य में वाहनों के आने-जाने के लिए चौड़ी सड़क बनाई जाएगी, इसके अलावा सब्जी मंडी, फल मंडी, आलू और प्याज की दुकानें, भंडार गृह, कैंटीन और दुकानों का निर्माण भी किया जाएगा।
बाजार समिति के चारों ओर चाहरदीवारी का निर्माण होगा, वहीं ड्रेनेज की व्यवस्था और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की भी व्यवस्था की जाएगी। शनिवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बागबाड़ी का मुआयना किया और कृषि विभाग के अधिकारियों, पुल निर्माण निगम के अभियंताओं तथा सीनियर प्रोजेक्ट मैनेजर के साथ निर्माण कार्य के लिए तैयार किए गए नक्शे का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने इस मौके पर कहा कि इस बाजार समिति का निर्माण भव्य और आधुनिक तरीके से किया जाए, जिसमें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने अधिकारियों को कई निर्देश भी दिए, ताकि परियोजना समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरी हो सके।
इस अवसर पर सहायक समाहर्ता जतिन कुमार भी उपस्थित थे।












