


भागलपुर : नई दिल्ली स्थित लाजपत भवन में “अटल भारत क्रीड़ा और कला संस्कृति, भारत” के तत्वावधान में एक भव्य राष्ट्रीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह का उद्देश्य कला, संस्कृति और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना था।
इस अवसर पर देशभर से चयनित 61 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को “अटल नेशनल अवॉर्ड 2025” से नवाजा गया। इन्हीं में से एक थे भागलपुर के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार सिंह, जो “जीवन जागृति सोसायटी” नामक सामाजिक संस्था के अध्यक्ष भी हैं।
डॉ. सिंह को यह सम्मान विशेष रूप से सड़क सुरक्षा जैसे जनसरोकार से जुड़े विषय पर जागरूकता फैलाने हेतु बनाई गई शॉर्ट फिल्मों के लिए प्रदान किया गया। उन्होंने अपने चिकित्सकीय दायित्वों के साथ-साथ समाज में सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों को कम करने हेतु जनजागरूकता फैलाने का कार्य किया है। उनके निर्देशन में बनी लघु फिल्में खासकर युवाओं और आम नागरिकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने और सतर्क रहने के लिए प्रेरित करती हैं।
समारोह में डॉ. अजय कुमार सिंह को यह सम्मान भारत के हॉकी इतिहास के महान खिलाड़ी, मेजर ध्यानचंद के पुत्र और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित श्री अशोक कुमार द्वारा प्रदान किया गया। उन्हें सम्मान चिन्ह, शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कलाकारों ने डॉ. सिंह के कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की और उनके प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।













