



भागलपुर : गोड्डा–दौराई (अजमेर) साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का उद्घाटन समारोह आज गोड्डा रेलवे स्टेशन पर आयोजित हुआ। माननीय सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। इस अवसर पर मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता एवं अन्य वरिष्ठ शाखा अधिकारी भी मौजूद थे।
कार्यक्रम की शुरुआत मंडल रेल प्रबंधक के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने गोड्डा में रेलवे संपर्क और अवसंरचना के विस्तार के लिए रेलवे द्वारा किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया। अपने संबोधन में सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने झारखंड के विकास हेतु केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला।

सांसद ने कहा कि वर्ष 2022 में रेल संपर्क शुरू होने के बाद गोड्डा से अब तक 15वीं रेल सेवा की शुरुआत हो चुकी है। वर्तमान में गोड्डा से 9 लंबी दूरी की ट्रेनें और 6 यात्री गाड़ियां विभिन्न दिशाओं में चल रही हैं, जिससे यह क्षेत्र देश के अन्य हिस्सों से सीधे जुड़ चुका है।
गोड्डा–दौराई (अजमेर) एक्सप्रेस ट्रेन झारखंड और राजस्थान को सीधे जोड़ने वाली पहली सेवा है। यह ट्रेन धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यावसायिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण शहर अजमेर के लिए सीधी यात्रा सुविधा प्रदान करेगी। साथ ही बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा के यात्रियों को भी बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी। यह ट्रेन सेवा दूरस्थ क्षेत्रों को राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ने के साथ-साथ समावेशी विकास को भी गति देगी।

नियमित परिचालन
ट्रेन संख्या 19603, दौराई (अजमेर)–गोड्डा साप्ताहिक एक्सप्रेस 3 अगस्त 2025 से प्रत्येक रविवार को दोपहर 3:30 बजे दौराई से प्रस्थान करेगी और सोमवार रात 10:20 बजे गोड्डा पहुंचेगी।
ट्रेन संख्या 19604, गोड्डा–दौराई (अजमेर) साप्ताहिक एक्सप्रेस 5 अगस्त 2025 से प्रत्येक मंगलवार सुबह 5:00 बजे गोड्डा से रवाना होकर बुधवार शाम 5:20 बजे दौराई पहुंचेगी।
मुख्य ठहराव
यह ट्रेन किशनगढ़, फुलेरा, रींगस, निम का थाना, नारनौल, अटाली, रेवाड़ी, गुड़गांव, दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़, टुंडला, इटावा, गोविंदपुरी, फतेहपुर, सूबेदारगंज, मिर्ज़ापुर, चुनार, दीन दयाल उपाध्याय, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी-ऑन-सोन, गया, तिलैया, नवादा, शेखपुरा, किऊल, झाझा, जसीडीह, देवघर, मोहनपुर, हंसडीहा और पोरैयाहाट स्टेशनों पर रुकेगी।

डिब्बों की संरचना
इस ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, स्लीपर श्रेणी, एसी थ्री-टियर इकॉनमी, एसी थ्री-टियर और एसी टू-टियर श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।












