


देवघर। श्रावण मास के दौरान झारखंड के देवघर जिले में बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर जा रहे कांवरियों के जत्थे के साथ बड़ा हादसा हो गया। सोमवार सुबह देवघर-बासुकीनाथ मुख्य पथ स्थित जमुनिया चौक के पास कांवरियों से भरी एक बस और तेज रफ्तार ट्रक के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क दुर्घटना में अब तक कम से कम 18 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयावह थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई कांवरिए सड़क पर दूर तक जा गिरे। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से देवघर सदर अस्पताल, बासुकीनाथ स्वास्थ्य केंद्र और आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे की शुरुआत में मृतकों की संख्या 6 बताई जा रही थी, लेकिन जिला प्रशासन ने पुष्टि की है कि यह संख्या बढ़कर 18 हो गई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। घटनास्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और ट्रैफिक को दूसरे मार्गों की ओर डायवर्ट किया गया है।
यह हादसा उस समय हुआ जब कांवरिए ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ बाबा बैद्यनाथ की ओर बढ़ रहे थे। घटना के बाद इलाके में मातम छा गया है। मृतकों के परिवारों को प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। वहीं, देवघर के सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर लिखा, “मेरे लोकसभा क्षेत्र देवघर में श्रावण मास की कांवर यात्रा के दौरान बस और ट्रक की टक्कर में 18 श्रद्धालुओं की मृत्यु अत्यंत दुखद है। बाबा बैद्यनाथ सभी मृतकों के परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।”
श्रावण मास में लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा करते हैं। ऐसे में यह हादसा प्रशासनिक तैयारी और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। जिला प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने और ट्रैफिक नियंत्रण को और अधिक सख्त करने के निर्देश दिए हैं।












