



भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर बहियार में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, महेशपुर गांव की चार महिलाएं धान की रोपनी के लिए खेत में गई हुई थीं। इस दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई और जोरदार गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से 20 वर्षीय क्रांति कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वह महेशपुर निवासी नंदलाल महतो की पुत्री थी और स्नातक की छात्रा थी।

घटना में तीन अन्य महिलाएं – मनोरमा देवी, शांति कुमारी और सरस्वती कुमारी घायल हुई हैं। इसके अलावा पलवा गांव की मोरमा देवी, जो हटिया करने सन्हौला आ रही थीं, वह भी आकाशीय झटके की चपेट में आकर घायल हो गईं। सभी घायलों का इलाज सन्हौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जहां कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
मृतका की मां और भाई ने बताया कि क्रांति धान रोपनी के लिए गई थी, तभी यह हादसा हुआ। परिवार में तीन भाई और दो बहनें हैं। पिता और दो भाई पंजाब में मजदूरी करते हैं, जबकि बड़ा भाई घर पर ही रहता है। मां भी मजदूरी करती हैं। मृतका की दो महीने पहले सगाई हुई थी और अगले वर्ष मार्च में शादी तय थी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इधर, हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। मां और भाई का रो-रो कर बुरा हाल है। पिता को पंजाब में सूचना दी गई, जिसके बाद वे तुरंत भागलपुर के लिए रवाना हो गए हैं।













