


भागलपुर। सुल्तानगंज नगर परिषद के वार्ड संख्या 5, 7, 8 सहित अन्य वार्डों में गंगा का पानी घुस जाने से स्थिति गंभीर बनी हुई है। जलस्तर बढ़ने से हजारों एकड़ फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। वहीं, दर्जनों घरों में पानी घुस जाने से लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अब तक सरकार की ओर से उन्हें किसी तरह की सहायता नहीं मिली है।
वार्ड संख्या 7 की वार्ड पार्षद रूबी देवी ने बताया कि लगभग दस दिनों से उनके वार्ड में गंगा का पानी घुसा हुआ है, जिससे किसानों की हजारों एकड़ फसल नष्ट हो चुकी है। इसके साथ ही, कई घर पानी में डूबे हुए हैं, लेकिन अब तक पीड़ित परिवारों को किसी प्रकार की सरकारी सुविधा या राहत सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई है।
रूबी देवी ने बताया कि इस समस्या को लेकर उन्होंने विधायक प्रोफेसर ललित नारायण मंडल, अंचलाधिकारी (सीओ) रवि कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी (वीडियो) संजीव कुमार से दूरभाष पर बात की है। सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता दिलाने का आग्रह किया गया है।
इस दौरान बाढ़ प्रभावित दिवाकर कुमार सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि जलभराव और फसल नुकसान की समस्या गंभीर है और तत्काल राहत पहुंचाई जानी चाहिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही प्रशासन और सरकार द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और बिगड़ सकती है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि वे अपनी समस्याओं को लेकर जल्द ही सामूहिक रूप से जिला प्रशासन से मिलकर कार्रवाई की मांग करेंगे।













