



भागलपुर की सियासत शुक्रवार को पूरी तरह गर्मा गई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के आगमन ने जिले की राजनीतिक हलचल को और तेज कर दिया। इसी क्रम में वोटर अधिकार यात्रा के तहत विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने अपने समर्थकों के साथ प्रेसवार्ता कर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला।
प्रेसवार्ता में सहनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रवैया जनता हितैषी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार केवल अमीरों और पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है, जबकि गरीब और वंचित तबकों की उपेक्षा की जा रही है। सहनी ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी चरम पर पहुंच चुकी है, जिसके कारण बिहार का युवा बड़ी संख्या में रोज़गार की तलाश में पलायन करने को मजबूर है। उन्होंने प्रधानमंत्री के रवैये को “लठैतशाही” बताते हुए कहा कि यह लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं है और आने वाले विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता भाजपा को करारा जवाब देगी।

वीआईपी प्रमुख ने विशेष तौर पर अत्यंत पिछड़ी जाति (EBC) को उनके अधिकार दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि वंचित और पिछड़े समाज को बराबरी का अधिकार मिला, तो बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव होगा। सहनी ने यह भी दावा किया कि उनका संघर्ष गरीबों और वंचितों की आवाज़ को मजबूत करने के लिए है और जनता उनकी नीतियों पर भरोसा करेगी।
प्रेसवार्ता में इंडिया गठबंधन (I.N.D.I.A Bloc) के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। सहनी ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के भागलपुर आगमन का स्वागत करते हुए इसे विपक्ष की मजबूती और एकजुटता का संकेत बताया।













