



भागलपुर में बुधवार को गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) के जवान समान काम का समान वेतन की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए। बड़ी संख्या में जुटे जवानों ने कंबाइंड बिल्डिंग गेट से विरोध जुलूस निकाला और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
विरोध जुलूस मनाली चौक, तिलकामांझी चौक, सैंडिस कंपाउंड होते हुए समाहरणालय गेट तक पहुंचा। इस दौरान पूरे मार्ग में “हमारी मांगे पूरी करो”, “समान वेतन दो”, “सरकार होश में आओ” जैसे नारे गूंजते रहे।

आंदोलन कर रहे जवानों ने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, उनका संघर्ष जारी रहेगा। उनका कहना है कि वे चुनाव ड्यूटी, वीआईपी सुरक्षा और आपदा प्रबंधन जैसे हर मोर्चे पर अपनी सेवाएं देते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें न्यूनतम वेतन और सुविधाओं से वंचित रखा जाता है।
इससे पहले बिहार रक्षा वाहिनी स्वयंसेवक संघ के बैनर तले सैंडिस कंपाउंड मैदान में बैठक आयोजित की गई थी, जिसकी अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष अखिलेश्वर प्रसाद यादव ने की थी। बैठक में निर्णय लिया गया था कि 27 अगस्त को समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

बैठक में जिला अध्यक्ष अखिलेश्वर प्रसाद यादव ने कहा था कि हमारी मांग पूरी तरह जायज है। यदि सरकार अब भी चुप रही तो जवान मजबूर होकर उग्र आंदोलन करेंगे। वहीं विभाग प्रसाद झा सचिन ने कहा था कि सरकार हर मौके पर होमगार्ड का इस्तेमाल करती है, लेकिन हक-हकूक देने में टालमटोल करती है। यह अन्याय अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।













