



चार लाख रुपये लूटने का आरोप
दोनों पक्षों ने भवानीपुर थाना में दिया आवेदन, पुलिस जांच में जुटी
भागलपुर : भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 स्थित सत्संग भवन, नारायणपुर के समीप शुक्रवार को एक मकई व्यवसायी के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पूर्व के जमीन विवाद को लेकर गांव के ही एक व्यक्ति ने व्यवसायी पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और लगभग चार लाख रुपये लूट लिए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भवानीपुर थाना क्षेत्र के निवासी और मकई व्यवसायी सज्जन सिंह ट्रक पर मकई लोड कर नारायणपुर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सत्संग भवन के पास पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही शक्ति सिंह ने उन पर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में सज्जन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद शक्ति सिंह ने उनके पास से लगभग चार लाख रुपये लूट लिए और अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सज्जन सिंह को इलाज के लिए नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पीड़ित सज्जन सिंह ने बताया कि आरोपी शक्ति सिंह अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है और हाल ही में जेल से छूटकर आया है। उन्होंने कहा कि घटना पूर्व के जमीन विवाद की वजह से हुई है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। इस घटना के बाद दोनों पक्षों ने भवानीपुर थाना में एक-दूसरे के खिलाफ आवेदन दिया है।

इस संबंध में भवानीपुर थानाध्यक्ष सह पुलिस उपनिरीक्षक शंभू कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांचोपरांत विधि सम्मत अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।












